– बिना डिग्री व लाइसेंस के डॉक्टर कर रहे इलाज
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे में इन दिनों अवैध अस्पतालों का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। बताया जाता है कि क्षेत्र में करीब आधा दर्जन से अधिक अवैध अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जहां मरीजों से मोटी रकम वसूलने का धंधा खुलेआम चल रहा है। इन अस्पतालों में बिना डिग्री और लाइसेंस के कथित डॉक्टर इलाज कर रहे हैं, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन अस्पतालों में कई बार गंभीर लापरवाही के कारण मरीजों की जान तक जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। आरोप है कि जिम्मेदारों की मिलीभगत के कारण यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। क्षेत्र में संचालित कई अस्पतालों में भ्रूण हत्या जैसे गंभीर अपराध भी किए जाने की चर्चा है। हाल ही में शिवपुर मोड़ के पास रामगंगा नहर किनारे एक नवजात शिशु का शव मिलने की घटना ने इन अवैध अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया था। नवजात बच्ची का शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं, लेकिन मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विजयीपुर पीएचसी के आसपास और धाता रोड पर करीब पांच सौ मीटर के दायरे में कई अवैध अस्पताल संचालित हो रहे हैं, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। इन अस्पतालों में पैथोलॉजी के नाम पर भी मरीजों से जमकर वसूली की जा रही है। अस्पताल संचालकों की मिलीभगत से मरीजों को अनावश्यक जांच और महंगी दवाइयां लिखी जाती हैं। वहीं पैथोलॉजी संचालकों द्वारा डॉक्टरों की सांठगांठ से मरीजों की गंभीर बीमारियों की रिपोर्ट तैयार कर दी जाती है, जिससे मरीजों से अधिक पैसा वसूला जा सके। सूत्रों से क्षेत्र में चर्चा है कि पीएचसी प्रभारी की सांठगांठ और कमीशनखोरी के चलते यह अवैध अस्पताल धड़ल्ले से चल रहे हैं। कई वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात रहने के कारण भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इस मामले में विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now