CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में अश्लील हरकत का विरोध करने वाले दबंग ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोसी युवक को गाली-गलौज कर जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने जान-माल की धमकी देते हुए बोला कि तीन जिले का हिस्ट्रीशीटर हूं, तुझे जिंदा नहीं छोडूंगा। मामले में पुलिस ने आरोपी पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के बकंधा गांव निवासी मुस्तकीम अहमद ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया, जिसमें बताया कि पड़ोस का रहने वाला नूर आलम दबंग, अपराधी और बदतमीज़ किस्म का है। बताया जा रहा है कि अपनी छत में अर्धनग्न होकर नूर आलम उसके घर की तरफ मुंह करके पेशाब करने के बहाने गंदी हरकतों के साथ अश्लील गाने गाता है। आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कहा कि अपने छत पर खड़े होकर ऐसे ही करूंगा, जो करना हो कर लेना, मेरा कुछ नहीं होगा। इस पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत करने की बात कहते हुए चैराहे की तरफ चला गया। आरोप है कि पीछे से नूर आलम अपने दो साथियों के साथ आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब जाकर कहीं जान बची। इतना ही नहीं इस दौरान आरोपी नूर आलम ने यह भी धमकी देते हुए बोला कि मेरे बारे में पता कर लेना, मैं कानपुर, उन्नाव और फतेहपुर का हिस्ट्रीशीटर हूं, तुझे जिंदा नहीं छोडूंगा। इस पूरे मामले का शिकायती पत्र पीड़ित ने स्थानीय थाना पुलिस को दी है। कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
