घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम।
– पुलिस व फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई, कोई जनहानि नहीं
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। थाना कल्यानपुर क्षेत्र के ग्राम मुरादीपुर में सोमवार रात करीब 11.45 बजे शॉर्ट-सर्किट से लगी भीषण आग ने एक पूरे परिवार को मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की साहसिक एवं त्वरित कार्रवाई ने चार जिंदगियों को बचा लिया।
घटना के अनुसार ग्राम मुरादीपुर निवासी कैलाश सोनकर के मकान के भूतल पर संदीप कुमार की ऑटो-पाट्र्स की दुकान में शॉर्ट-सर्किट से आग भड़क उठी। मकान मालिक कैलाश उस समय घर पर नहीं थे। घर में उनकी पत्नी पुष्पा देवी और तीन बच्चे जुड़वां बेटियां खुशी व खुशाली (15 वर्ष) तथा पुत्र ओम (12 वर्ष) फंस गए थे। मुख्य द्वार बंद होने और घने धुएं के कारण वे तीसरी मंजिल की छत पर फंसकर रह गए। सूचना मिलते ही थाना कल्यानपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी बिंदकी गौरव शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने सीढ़ियों के सहारे छत तक पहुंचकर सभी चारों व्यक्तियों पुष्पा देवी और उनके तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग पर पूर्ण नियंत्रण पा लिया गया। त्वरित कार्रवाई के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम की सराहना की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि टीम की सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली से चार मासूम जिंदगियां बचाई जा सकीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now