– मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
खागा, फतेहपुर(CNF)। कोतवाली क्षेत्र के मझटेनी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। गांव के बाहर स्थित तालाब में मछली पकड़ते समय ऊपर से गुजरी ग्यारह हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन अचानक टूटकर तालाब में गिर गई। जिसकी चपेट में आने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मझटेनी गांव निवासी बृजलाल पुत्र महावीर व राजू पुत्र इंद्रपाल शनिवार की सुबह करीब ग्यारह बजे तालाब में मछली पकड़ रहे थे। उसी दौरान तालाब के ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट की बिजली की तार अचानक टूटकर सीधे पानी में गिर गई। तेज करंट प्रवाहित होने के कारण तालाब में करंट फैल गया और दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए। आसपास मौजूद ग्रामीण कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कोतवाली पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं विद्युत विभाग ने लाइन की आपूर्ति तत्काल बंद कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली की जर्जर तारें पहले से ही लटकी हुई थीं, जिसकी शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। यदि समय रहते मरम्मत कराई जाती तो यह हादसा टल सकता था। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह पटेल ने बताया कि मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा गया है।
