CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एक बार फिर सक्रियता दिखाई है। शुक्रवार को उन्होंने थाना कोतवाली अंतर्गत चौकी बाकरगंज का अचानक निरीक्षण किया।
एसपी श्री मांगलिक ने चौकी कार्यालय पहुंचकर महत्वपूर्ण रजिस्टरों की गहन जांच की। विशेष रूप से प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा की गई। उन्होंने पाया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निपटारा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए कि जनता की फरियादों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका निस्तारण किया जाए। यह निरीक्षण नए एसपी अभिमन्यु मांगलिक की उस कार्यशैली का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें वे थानों-चौकियों में जाकर व्यवस्था का जायजा लेते हैं और कमियों को तुरंत सुधारने के निर्देश देते हैं। हाल ही में पदभार ग्रहण करने के बाद से ही वे जनता की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवहार में सुधार पर जोर दे रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ऐसे आकस्मिक निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि पुलिस तंत्र अधिक जवाबदेह और संवेदनशील बने। आमजन से अपील की गई है कि वे बिना किसी संकोच के अपनी शिकायतें दर्ज कराएं, क्योंकि जिला पुलिस उनकी हर समस्या का संज्ञान लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
