– एनएचएआई की बड़ी लापरवाही उजागर, तत्काल सुधार की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
चैडगरा, फतेहपुर(CNF)। कानपुर नेशनल हाईवे पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां जगह-जगह लगाए गए गलत सांकेतिक बोर्ड (साइन बोर्ड) आम जनता के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। इस गंभीर समस्या को उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला सोशल मीडिया प्रमुख अजीत कुमार सैनी ने परियोजना निदेशक एनएचएआई को शिकायती पत्र भेजकर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।
पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईवे पर कई स्थानों पर साइन बोर्ड गलत दिशा और गलत नाम दर्शा रहे हैं, जिससे वाहन चालक भ्रमित हो रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। विशेष रूप से कल्याणपुर के पास लगे बोर्ड में गुनीर गांव की दिशा बाई ओर दिखाई गई है, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल विपरीत है। वहीं चैडगरा क्षेत्र में भी दिशा संबंधी गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं, बिंदकी को बाई ओर दिखाया गया है जबकि बिन्दकी चैडगरा से दाहिनी ओर है जिससे यात्रियों को रास्ता तय करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, छिवली नदी के पास लगे साइन बोर्ड में गांव का नाम भी गलत अंकित किया गया है, जो प्रशासनिक लापरवाही को साफ दर्शाता है। अजीत कुमार सैनी ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही न केवल आम नागरिकों को परेशानी में डाल रही है, बल्कि कभी भी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि सभी गलत साइन बोर्डों की तत्काल जांच कर उन्हें सही दिशा और सही नाम के साथ संशोधित या बदलवाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो सके। शिकायतकर्ता अजीत कुमार सैनी ने यह भी बताया कि यदि समय से सभी सांकेतिक बोर्डाे को सही नहीं कराया गया तो इसकी शिकायत राष्ट्रीय राज्यमार्ग मंत्री से की जाएगी। क्योंकि सबसे लंबे इस राष्ट्रीय मार्ग पर दिन रात वाहनों का आवागमन रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now