थरियांव थाने का घेराव करतीं गुलाबी गैंग की महिलाएं।
– चरमराई कानून व्यवस्था पर फूटा महिलाओं का आक्रोश
– सीएम को भेजा ज्ञापन, न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शुक्रवार को थरियांव थाने का दृश्य उस समय बदल गया, जब गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुलाबी ड्रेस में हाथों में लाठी-डंडे लिए सैकड़ों महिलाओं ने थाने पर धावा बोल दिया। औरेई गांव की बेटी खुशबू की मौत और पुलिस की शिथिल कार्यशैली से आक्रोशित महिलाओं के गगनभेदी नारों से पूरा थाना परिसर और आसपास का इलाका गूंज उठा।
घेराव के दौरान अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि थरियांव पुलिस के संवेदनहीनता के कारण ही बेटी खुशबू ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस पीड़ित खुशबू की शिकायत पर पहले ही संज्ञान ले लेती, तो आज एक मासूम की जान न जाती। थानों में पीड़ितों की त्वरित सुनवाई के बजाए उन्हें दुत्कार कर भगाया जा रहा है, जो अब बर्दाश्त नहीं होगा। संगठन ने पुलिस उपाधीक्षक थरियांव के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिसे रिसीव करने थाने पर नायब तहसीलदार पहुंचीं। ज्ञापन में खुशबू को मौत के मुंह में धकेलने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी किए जाने, दोषी पुलिसकर्मियों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही किए जाने सहित जनपद में आए दिन हो रही हत्याओं और जघन्य अपराधों पर तत्काल लगाम लगाई जाने की मांग की गई। अन्यथा की स्थिति में एसपी ऑफिस के घेराव की चेतावनी दी। अध्यक्ष हेमलता पटेल ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि खुशबू को त्वरित न्याय नहीं मिला और जनपद की चरमराई कानून व्यवस्था में सुधार न हुआ, तो संगठन अब एसपी ऑफिस पर वृहद आंदोलन एवं अनवरत घेराव के लिए बाध्य होगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर सरला सिंह, उत्तरा, राजनीति, सरिता, सुमन, शहरून, विनीता, काजल, रानी, रेखा सहित संगठन की बड़ी संख्या में महिलाएं और पीड़ित परिजन मौजूद रहे।
