– मंडी समिति के क्रय केन्द्र पर संचालित नहीं मिले कांटे
CITY NEWS FATEHPUR
असोथर, फतेहपुर(CNF)। सोमवार से शुरू हुई सरकारी गेहूं खरीद के पहले ही दिन अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिला। नगर पंचायत असोथर मंडी समिति स्थित क्रय केंद्र पर न तो कांटे पूरी तरह संचालित मिले और न ही बोरे उपलब्ध थे, जिससे एक भी किसान का गेहूं नहीं खरीदा जा सका। मंडी स्थित क्रय केंद्र पर दो कांटे (फस्र्ट व सेकंड) लगाए गए हैं। फस्र्ट कांटे पर केंद्र प्रभारी शेखर मौर्य और सेकंड कांटे पर रवि गौतम की तैनाती है, लेकिन इसके बावजूद खरीद व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतरी रही। केंद्र पर केवल बैनर लगे दिखाई दिए, जबकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नदारद रहीं।
सोमवार को किसान शिवशंकर, घनश्याम, कामता, नरेश, मनोज व संदीप सहित कई किसान गेहूं बेचने के लिए केंद्र पहुंचे, लेकिन खरीद शुरू न होने के कारण उन्हें बिना गेहूं बेचे ही वापस लौटना पड़ा। किसानों ने बताया कि केंद्र पर न तो बोरे उपलब्ध थे और न ही तौल की कोई समुचित व्यवस्था दिखाई दी। साथ ही, कई किसानों का कहना था कि मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद नहीं मिला। वहीं केंद्र प्रभारी शेखर मौर्य ने दूरभाष से बातचीत बताया कि पहले दिन कोई खरीद नहीं हो सकी है। किसानों का आरोप है कि हर साल की तरह इस बार भी शुरुआत अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now