बैठक में भाग लेते एडीएम अवनीश त्रिपाठी।
अपर जिलाधिकारी ने बैठक कर दिया प्रशिक्षण
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष-2026 के दृष्टिगत प्रशिक्षण, ब्रीफिंग संबंधी बैठक अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) अविनाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में सरदार वल्लभ पटेल प्रेक्षागृह में संपन्न हुई। उन्होंने निर्देशित किया कि बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन, सुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न कराने हेतु नियुक्त अधिकारी, कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण संवेदनशीलता के साथ परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें। उन्होंने कहा कि परिषद के सभी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लिया जाए, ताकि परीक्षा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत व्यवस्थाओं (फर्नीचर, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता आदि) की पूर्व जांच कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए, जिससे कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में अनुचित साधन न ले जा सके। बालिकाओं की तलाशी केवल महिला अधिकारी, कर्मचारी द्वारा ही कराई जाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस बल की भी तैनाती की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 8ः30 से 11ः45 बजे तक तथा द्वितीय पाली सायं 02ः00 बजे से 05ः15 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद के 117 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न होगी। हाईस्कूल परीक्षा में 36,701 परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में 29,738 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा की सुचारु निगरानी हेतु जनपद को 03 जोन एवं 15 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों को ऑनलाइन माध्यम से राज्य स्तर के कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। साथ ही जनपद स्तर पर राजकीय इंटर कॉलेज, में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी संवेदनशीलता के साथ की जाएगी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, उपायुक्त स्वरोजगार, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, एसोसिएट जिला विद्यालय निरीक्षक, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now