डीएम को ज्ञापन सौंपने जाते अभिभावक संघ के पदाधिकारी।
तेजस प्रकरण में निष्पक्ष जांच और अंशी की टीसी में सुधार की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। निजी विद्यालयों में फीस वसूली, छात्र-छात्राओं से जुड़ी शिकायतों और आरटीई के तहत चयनित बच्चों से अतिरिक्त शुल्क लिए जाने के आरोपों को लेकर जिला अभिभावक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मामलों की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
जिला अभिभावक संघ के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता दीपक कुमार (डब्लू) तथा डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री अनुराग नारायण (पुत्तन मिश्रा) ने कहा कि जिले के बड़ी संख्या में अभिभावक कृषि पर निर्भर हैं। ऐसे में निजी विद्यालयों द्वारा फीस के अलावा अलग-अलग मदों में अतिरिक्त रकम वसूले जाने से परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
ज्ञापन में सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज, शिवपुरम में छात्र तेजस की मृत्यु के मामले को गंभीरता से उठाया गया। संघ ने घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। पदाधिकारियों का कहना है कि मामले की तह तक पहुंचकर जिम्मेदारी तय की जानी जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
अभिभावक संघ ने ओम सरस्वती ज्ञान मंदिर, पक्का तालाब से जुड़े छात्रा अंशी के मामले को भी जिलाधिकारी के सामने रखा। संघ के अनुसार छात्रा की स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) में गलत विवरण दर्ज होने तथा सुधार न किए जाने की शिकायत है। इसके साथ ही विद्यालय में ही पढ़ाई जारी रखने के लिए दबाव बनाए जाने का आरोप भी लगाया गया है। संघ ने प्रकरण की जांच कर छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में आरटीई के तहत चयनित बच्चों से कथित रूप से डायरी, आईडी कार्ड, परीक्षा शुल्क और वार्षिक उत्सव आदि के नाम पर रकम वसूले जाने का मुद्दा भी उठाया गया। संघ का आरोप है कि कुछ विद्यालयों में शुल्क जमा न करने पर बच्चों को परीक्षा में शामिल न करने की बात कही जाती है। अभिभावक संघ ने ऐसे विद्यालयों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर इन्द्रजीत यादव एडवोकेट, आशीष कुमार सिंह एडवोकेट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
