– पत्नी से गुजरात जाने की बात कहकर घर से निकला
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले से रिश्तों को शर्मशार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां कोई और नहीं बल्कि जीजा ही अपनी सगी साली को लेकर फरार हो गया। इस कृत्य को आरोपी ने अपने बहनोई के साथ मिलकर अंजाम दिया। आरोपी की पत्नी ने इस मामले में पति समेत दो लोगों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खखरेरू थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। उसने बताया कि उसकी शादी थाना क्षेत्र के ही दामोदरपुर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद पासवान के साथ हुई है। बीते 23 नवंबर की सुबह 11 बजे राजेंद्र अपनी पत्नी से गुजरात प्रांत के सूरत शहर जाने की बात कह कर घर से निकला था लेकिन सूरत न जाकर राजेंद्र थाना क्षेत्र के पचमई गांव में रहने वाले अपने बहनोई बचानी के घर पहुंच गया। बचानी ई-रिक्शा चालक है। राजेंद्र ने बहनोई को अपने ससुराल जाने के लिए कहा। इस पर बचानी ई रिक्शा लेकर राजेंद्र की ससुराल पहुंचा और उसकी 18 वर्षीय साली को लेकर सीधे अपने गांव पचमई पहुंचा और युवती को राजेंद्र के हवाले कर दिया। आरोप है कि यहां पर मौजूद राजेंद्र अपनी साली को साथ लेकर बीते बुधवार को भाग निकला। इतना ही नहीं घर में रखी लाखों की नगदी और जेवर भी आरोपी राजेन्द्र अपने साथ ले गया। थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
