पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक अवैध अस्थायी पटाखा निर्माण कारखाने में विस्फोट के कारण कम से कम सात लोग मारे गए और कई घायल हो गए। बचाव अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हैदराबाद शहर के लतीफाबाद इलाके में शनिवार रात एक गैर-लाइसेंसी पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट हुआ। ‘रेस्क्यू 1122’ के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘लतीफाबाद पुलिस थाने के पास लाघारी गोथ नदी के किनारे एक पटाखा फैक्ट्री में शक्तिशाली विस्फोट की सूचना मिली है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब तक मलबे से सात शव निकाले जा चुके हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद शनिवार रात मकान का एक हिस्सा ढह गया तथा कुछ लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। बचाव दल के प्रवक्ता ने बताया कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही विस्फोट का वास्तविक कारण पता चल सकेगा।

लतीफाबाद के सहायक आयुक्त सऊद लुंड ने घटनास्थल पर मीडिया से बातचीत में इस बात की पुष्टि की कि पटाखे अवैध रूप से बनाए जा रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि फैक्ट्री का मालिक असद जई फरार है और उसके पास यहां पटाखे बनाने का लाइसेंस भी नहीं था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now