– गृहस्थी का समूचा सामान जलकर नष्ट
CITY NEWS FATEHPUR
खागा,फतेहपुर(CNF)। विजयीपुर विकास खंड के पहाड़पुर ग्राम पंचायत में सोमवार को एक घर में आग लग गई। जिससे गरीब परिवार का घर व गृहस्थी खाक में बदल गई। जानकारी के अनुसार धनराज रैदास अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद नहीं थे। घर में केवल छोटे-छोटे बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों में घिर गया। ग्रामीणों के जुटने और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक गरीब परिवार की वर्षों की जमा पूंजी और गृहस्थी का लगभग सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। पीड़ित परिवार ने बताया कि आग में बेड, गेहूं, चावल, धान, कपड़े, सिलाई मशीन, बक्सा, बर्तन, अलमारी, एक साइकिल, हाल ही में हुई छोटे भाई की शादी का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। अग्निकाण्ड ने परिवार को आर्थिक रूप से बुरी तरह तोड़ दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पहाड़पुर के कोटेदार प्रमोद त्रिवेदी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाते हुए एक बोरी गेहूं, एक बोरी चावल, टीन शेड लगवाने का आश्वासन दिया। मामले की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर घटना का स्थलीय निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार की स्थिति का अवलोकन कर उच्च प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी है। लेखपाल ने परिवार को जल्द सरकारी राहत दिलाने का आश्वासन दिया है।
