घोष थाने में एसओ से वार्ता करतीं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष।
– लापता नाबालिग बच्ची व लापता छात्रा की बरामदगी करने में पुलिस असफल
– जल्द ठोस कार्रवाई न हुई तो थाना घेराव की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में कानून व्यवस्था और नारी सुरक्षा की बदहाल स्थिति को लेकर आज गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने थाने में दस्तक दी। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिजनों के साथ थाने पहुंचा और लापता बेटियों की अब तक बरामदगी न होने पर पुलिस के खिलाफ गहरी नाराजगरी व्यक्त की।
अध्यक्ष हेमलता पटेल ने गहरे रोष के साथ कहा कि ग्राम घोषिन का पुरवा मजरे खरगूपुर की एक नाबालिग बच्ची को दबंगों ने तीन महीने पहले अगवा किया था। मामले में अपराध संख्या 202/2025 धारा 87 व 137(2) बीएनएस के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज है, लेकिन पुलिस ने शिथिल कार्यशैली के चलते अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की। पीड़ित माँ प्रेमा देवी आज भी न्याय के लिए दर-दर भटक रही हैं। साथ ही इसी थाना क्षेत्र के एक अन्य मामले में, स्कूल गई एक और छात्रा पिछले 12 दिनों से लापता है। पीड़ित परिजनों में गहरा दुःख और असमंजस्य की स्थिति है पीड़ित परिजन बेटी को पाकर वास्तविकता से अवगत होना चाहते हैं जहां पीड़ित परिजनों ने संदिग्ध पांच नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उनकी बेटी को जबरदस्ती भय दिखाकर अगवा किए जाने बिंदु हैं जो स्कूल गई हुई थी और वापस घर नहीं पहुंचीं कई दिन बीत चुके हैं। हेमलता पटेल ने थाना प्रभारी से सीधी वार्ता में पूछा कि आखिर पुलिस की खुफिया तंत्र और गश्त कहां है? उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर सुल्तानपुर घोष पुलिस बेटियों को ढूंढने में नाकाम साबित हो रही है। तीन माह बीत जाने के बाद आज से पुलिस ने नाबालिग को खोजने की प्रक्रिया शुरू की है जो शिथिल कार्यशैली की पराकाष्ठा है। अध्यक्ष हेमलता पटेल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोनों प्रकरणों में तत्काल बरामदगी सुनिश्चित नहीं की गई और दोषियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक थाने का घेराव कर आंदोलन हेतु बाध्य होगा। इस दौरान राजरानी, सरला सिंह, सुनीता, संयोगिता, रानी और पीड़ित परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
