कार चालक को फूल देकर जागरूक करते सीओ व व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर में सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को आदर्श व्यापार मंडल संपूर्ण भारत (गर्ग गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में पुलिस उपाधीक्षक नगर गौरव शर्मा, शहर कोतवाल तारकेश्वर राय तथा ट्रैफिक इंस्पेक्टर लाल जी सविता ने अपनी टीम के साथ सहभागिता की। ज्वालागंज क्षेत्र में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में राहगीरों, बाइक सवारों व चार पहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान सीट बेल्ट लगाने वाले वाहन चालकों व हेलमेट पहनकर चल रहे बाइक सवारों को पुलिस टीम और व्यापार मंडल पदाधिकारियों द्वारा धन्यवाद देते हुए फूल और गिफ्ट प्रदान किए गए। वहीं जिन लोगों ने सीट बेल्ट या हेलमेट नहीं लगाया था, उन्हें भी सम्मानपूर्वक फूल भेंट कर सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की गई। अधिकारियों ने साफ कहा कि भविष्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अभिनव यादव, जिला महामंत्री अमित शरण बॉबी, कोषाध्यक्ष अमित सोनी, युवा जिलाध्यक्ष मो. इमरान, उपाध्यक्ष महताब आलम और मो. अरमान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से लोगों से निवेदन किया कि सड़क सुरक्षा सिर्फ कानून नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संदेश है इसलिए हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का पालन हर हाल में करें।

जागरूकता अभियान महज दिखावा
फतेहपुर(CNF)। यातायात माह नवंबर सिर्फ फर्ज अदायगी में निपट रहा है। जहां एक ओर प्रतिदिन जागरूकता अभियान चलाने का ढिंढोरा पीटा जा रहा है वहीं प्रतिदिन शहरवासी घंटों ट्रैफिक में फंसे पसीना बहा रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे-ऑफिस जाने वाले कर्मचारी सब परेशान हैं लेकिन ट्रैफिक पुलिस का हर दिन चलने वाला तथाकथित यातायात जागरूकता अभियान सिर्फ़ फोटो खिंचवाने और सोशल मीडिया पोस्ट डालने तक सीमित होकर रह गया है। लोग पूछ रहे हैं अभियान है या मजाक? कब तक शहर की सड़कें यूं ही बंधक बनेंगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now