– स्कूली बच्चे व राहगीर रहे परेशान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मर्का-बांदा क्षेत्र से संचालित मोरम घाट खंड-3 से निकलने वाले ओवरलोड ट्रक और डंपरों के कारण सोमवार को थारियाव तिराहे पर भीषण जाम लग गया। जाम में स्कूली बच्चे, राहगीर और आम यात्री घंटों तक फंसे रहे। वहीं शाम के समय नगर पंचायत असोथर क्षेत्र में भी जाम की स्थिति बन गई, जहां डायल 112 की गाड़ी और बैंक की कैश वैन भी लंबे समय तक जाम में फंसी रहीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार मर्का-बांदा क्षेत्र से प्रतिदिन करीब 300 ओवरलोड डंपर और ट्रक निकलते हैं, जो असोथर होते हुए थारियाव मार्ग से गुजरते हैं। भारी वाहनों की अधिकता के कारण असोथर और थरियाव क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। सोमवार को दिन में थरियांव तिराहे पर लंबा जाम लगा रहा, जबकि शाम को नगर पंचायत क्षेत्र में भी वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण न केवल जाम की समस्या बढ़ रही है, बल्कि सड़कें भी तेजी से खराब हो रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से इस समस्या पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मोरम घाटों से निकल रहे ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने के बजाय प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। लोगों का सवाल है कि आखिर मोरम माफियाओं के सामने प्रशासन कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रहा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें थारियाव तिराहे पर लगे जाम में वाहनों की लंबी कतार साफ देखी जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now