गिरजाघर में आयोजित प्रार्थना सभा में भाग लेते इसाई समाज के लोग।
– प्रभु यीशु का जन्मदिन क्रिसमस डे के रूप में धूमधाम से मना
– पूरे दिन चर्च से लेकर घरों तक चला पर्व की बधाई देने का दौर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। प्रभु यीशु का जन्मदिन क्रिसमस डे के रूप में गुरूवार को धूमधाम से मनाया गया। गिरजाघरों में प्रार्थना सभा का आयोजन कर प्रभु यीशु मसीह के बारे में जानकारी दी गई। वहीं सेंटा क्लाज ने भी बच्चों को टाफी, चाकलेट बांटे। देर शाम तक जश्न का माहौल चलता रहा।
शहर के देवीगंज स्थित गिरजाघर में क्रिसमस डे पर सुबह 10 बजे से 12 बजे तक पास्टर डेविड ग्लैडविन की अध्यक्षता में प्रार्थना सभा सम्पन्न हुई। इसके अलावा आराधना एवं प्रवचन भी हुए। बच्चा हो या फिर बूढ़ा, सभी के चेहरे पर पर्व की चमक दिखाई दी। लोगों ने प्रार्थना सभा में प्रभु यीशू मसीह को याद किया। गिरिजाघरों में प्रभू यीशू मसीह की मोहक झांकियां भी सजाई गईं। फादर ने बताया कि संसार में आपसी सदभावना और भाईचारा कायम रखने के लिए ही प्रभु यीशू ने जन्म लिया था। हम सभी को उनके बताए रास्ते चलना चाहिए। उन्होंने समाज में शांति का पैगाम दिया था। इसी तरह से ग्रामीणांचल के जहानाबाद, बिंदकी समेत अन्य स्थानों में भी ईसाई धर्म के लोगों ने जन्मोत्सव मनाते हुए एक दूसरे को बधाई दी।

सेंटा क्लाज की रही धूम
क्रिसमस पर्व को लेकर खासकर बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला। कोई सेंटा क्लाज की पोशाक पहना तो कोई अन्य रंगबिरंगे कपड़े पहन कर अपने अभिभावकों के साथ चर्च में पहुंचे। जहां उनके बीच आए सेंटा क्लाज के साथ जमकर मस्ती की। सेंटा क्लाज से टाफी व चाकलेट का उपहार पाकर बच्चे खुश नजर आए।

प्रभु यीशु का जन्म होने के साथ झूम उठे मसीही
बुधवार की रात 12 बजते ही प्रभु यीशु का जन्म होने के साथ मसीह समाज खुशी में झूम उठा। गिरजाघरों में मसीह गीतों के साथ घंटी की आवाजे सुनाई देती रहीं। सभी ने एक दूसरे को हैप्पी मेरी क्रिसमस बोलकर बधाई दी, केक काटा गया और एक दूसरे को उपहार बांटे गए। विशेष प्रार्थना सभा बाद जश्न मनाया गया। यीशु के जन्म से संबंधित विभिन्न प्रकार की झांकियां भी सजाई गईं। इन झांकियों में माता मरियम व संत युसूफ की झांकी विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। चरनी जहां पर यीशु का जन्म हुआ था, उसका भी दीदार ईसाई समाज के लोगों ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now