– दबंगों की पिटाई से घायल हुए पीड़िता का पति व ससुर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत घर में घुसकर महिला व उसके परिवार पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने के मामले में पीड़िता ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर दबंगों पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस मारपीट में उसका पति व ससुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह रात्रि लगभग दस बजे रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसने अपनी ननद के चिल्लाने की आवाज सुनी। जब वह मौके पर पहुंची तो देखा कि आरोपी मुशीर पुत्र अज्ञात उसकी ननद के साथ अश्लील हरकत कर रहा था और दूसरा आरोपी संजीव पुत्र अज्ञात उसकी ननद के कपड़े फाड़ने की कोशिश कर रहा था। महिला के विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसे भी लात-घूंसों से मारा-पीटा। शोर सुनकर एक अन्य अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आया और लाठी, डंडों व धारदार हथियार से पीड़ित महिला, उसके पति दिनेश व ससुर रामखेलावन पर हमला कर दिया। हमले में तीनों को गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे, तुम लोग हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल दिनेश व रामखेलावन को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित महिला ने कोतवाली सदर में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी के तहत एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
