अलविदा जुमा की नमाज को लेकर फ्लैग मार्च में शामिल एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– शांति व सुरक्षा का संदेश, आमजन में भरोसा कायम करने का प्रयास
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। रमजान के आखिरी जुमे (जुमे अलविदा) की नमाज के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अपर जिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह के साथ मिलकर थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला।
भीड़-भाड़ वाले बाजारों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य चैराहों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई। फ्लैग मार्च का मकसद आम जनमानस में सुरक्षा का एहसास जगाना और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना था। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि पुलिस प्रशासन किसी भी कीमत पर अमन-चैन भंग नहीं होने देगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे त्योहारों का आनंद शांतिपूर्ण ढंग से लें और किसी भी अफवाह या उकसावे से बचें। इस मौके पर शहर कोतवाल, सभी चैकी इंचार्ज और भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि जुमे अलविदा की नमाज और आने वाले ईद के पर्व को भयमुक्त एवं सुव्यवस्थित तरीके से मनाया जा सके, इसके लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की और कहा कि इससे उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा मिला है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पूरे जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश न कर सके।
