तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते अधिवक्ता।
– राज्यपाल को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। सोनभद्र के लोढ़ी टोल प्लाजा में महिला वकील व उसके परिजनों के साथ हुई मारपीट के मामले में खागा के वकीलों में खासा आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को महिला वकील के साथ टोल कर्मियों की गुंडई का वीडियो शोसल मीडिया पर वायरल होते ही खागा के वकील आग बबूला हो उठे और टोल कर्मियों की दादागीरी व प्रशासन निरंकुशता को लेकर जमकर नारेबाज़ी करते हुए एसडीएम की गैरमौजूदगी में तहसीलदार शैल कुमारी को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
घटना के सम्बन्ध में सोशल मीडिया में प्रसारित खबरों के मुताबिक राबट्र्सगंज निवासी महिला अधिवक्ता आरती पांडेय शनिवार शाम कार से नवीन कुमार सिंह, गरिमा सिंह और अवनीश दुबे के साथ ओबरा जा रही थीं। लगभग चार बजे वह लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा के पास पहुंचीं तो वहां जाम लगा हुआ था। काफी देर तक जाम न खुलने पर कार में बैठे उनके जीजा नवीन कुमार सिंह गाड़ी से उतरकर टोल कर्मियों से जाम का कारण पूछने लगे। आरती की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक टोल कर्मी उनके जीजा को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। यह देख अवनीश दुबे भी गाड़ी से उतरकर पहुंचे तो टोल कर्मियों ने मारपीट शुरू कर दिया। महिला वकील का आरोप है कि वह बीच-बचाव के लिए पहुंचीं तो टोल कर्मियों ने लाठी-डंडे से नवीन कुमार पर हमला कर दिया। उनके सिर गंभीर चोट आई है। खागा के वकीलों द्वारा दिए गए ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपित सभी टोलकर्मियों के विरुद्ध गैंगेस्टर रासुका के साथ बुलडोजर की कार्रवाई की जाए, लोढ़ी टोल प्लाजा का अनुबंध व लाइसेंस निरस्त कर जमानत राशि जब्त की जाये, प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर वकीलों को विशेष वरीयता व निःशुल्क पास दिया जाए तथा वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। इस मौके पर अधिवक्तागणों में रामसखा द्विवेदी, अरविन्द पांडेय, इसराइल फ़ारूक़ी, सूर्य प्रकाश सिंह, अशोक श्रीवास्तव, राजेश द्विवेदी, जितेंद्र द्रिवेदी, राजेश तिवारी, कृष्ण कुमार, विवेक पाठक, राजा राजेंद्र सिंह, बलवंत सिंह, आशुतोष पांडेय, कृष्णकांत त्रिवेदी, अंशुमान शुक्ला सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now