CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। विजयीपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत पहाड़पुर में साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांव की गलियों और नालियों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में संक्रामक बीमारियों का भय बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार जहां स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं जमीनी हकीकत इसके उलट दिखाई दे रही है। गांव की नालियां लंबे समय से साफ नहीं कराई गई हैं और गलियों में नियमित झाड़ू भी नहीं लगाई जा रही है। जगह-जगह फैली गंदगी से बदबू फैल रही है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारों की उदासीनता साफ नजर आ रही है। सफाई कर्मियों की अनियमितता के कारण गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आगे उच्च अधिकारीयो से शिकायत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now