पत्रकारों से बातचीत करते प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल।
– जिले में मेडिकल कालेज की स्थापना को बताया उपलब्धि
– प्रभारी मंत्री ने केन्द्र व प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल की गिनाईं उपलब्धियां
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में बुधवार को जिले के प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल ने प्रदेश एवं केंद्र सरकार के पिछले नौ वर्षों के कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गिनाते हुए इन्हें जनता के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।
प्रभारी मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सीधे खाते में आर्थिक मदद मिल रही है जिससे उनकी आय में मजबूती आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्के मकान मिले हैं। इसके अलावा मुफ्त राशन, शौचालय निर्माण, वृद्धावस्था पेंशन जैसी योजनाएं समाज के हर तबके तक पहुंच रही हैं। युवाओं के डिजिटल सशक्तिकरण के लिए टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण और रोजगार सृजन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने युवा शक्ति को नई दिशा दी है। स्वास्थ्य क्षेत्र में जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा का जिक्र किया। सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति में सुधार और समग्र बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने का दावा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारी योजनाएं पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। यह नौ साल सिर्फ समय नहीं, बल्कि जन-कल्याण का सुनहरा काल रहा है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, विधायक खागा कृष्णा पासवान, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी मौजूद रहे।
