– गंगा में स्नान करने से पापों का होता नाश
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। क्षेत्र के नौबस्ता गंगा घाट पर रविवार को मौनी अमावस्या पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। तड़के भोर से ही श्रद्धालुओं का गंगा घाट पर पहुंचना शुरू हो गया। दूर-दराज के गांवों से आए महिला-पुरुषों ने पवित्र गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मान्यता के अनुसार मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान से समस्त पापों का नाश होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने गरीबों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र व दक्षिणा का दान किया। घाट पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु नौबस्ता स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। भक्तों ने गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में दिन भर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। स्थानीय पुरोहित पंडित परमेश्वर प्रसाद तिवारी के अनुसार मौनी अमावस्या पर मौन रहकर स्नान और दान करने का विशेष महत्व है। कई श्रद्धालुओं ने मौन व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। पर्व के अवसर पर घाट और मंदिर परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी की गई थी। शाम होते-होते श्रद्धालुओं का लौटना शुरू हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now