फरार कछुआ तस्कर।
– विभागीय लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले में कछुआ तस्करी के बड़े मामले में वन विभाग की भारी लापरवाही सामने आई। रेलवे स्टेशन पर 148 जीवित कछुओं के साथ पकड़े गए दो तस्करों में से एक मुख्य अभियुक्त वन कर्मियों की हिरासत से फरार हो गया। यह घटना बुधवार सुबह उस समय हुई, जब आरपीएफ और जीआरपी द्वारा पकड़े गए आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द किया गया था।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार तस्कर उमेश कंजड़ निवासी महेसुवा थाना हनुमानगंज जिला सुल्तानपुर को वन विभाग की टीम अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने टीम को चकमा दिया और मौके से फरार हो गया। फरारी की सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि एक दिन पहले आरपीएफ और जीआरपी ने फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान करीब 40 लाख रुपये कीमत के 148 कछुए बरामद किए थे। जिन्हें पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। दोनों तस्करों को मौके पर गिरफ्तार कर वन विभाग के हवाले किया गया था लेकिन विभागीय ढिलाई के चलते मुख्य अभियुक्त फरार होने में सफल हो गया। मामले पर डीएफओ जेडी मिश्रा ने पुष्टि करते हुए बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और वन विभाग की ओर से पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। डीएफओ ने यह भी स्वीकार किया कि प्रारंभिक जांच में एक वनकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होने यह भी बताया कि गिरफ्तारी की सूचना पर फरार तस्कर के परिजन यहां आ गए हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now