– भाई ने ससुरालीजनों पर हत्या का मढ़ा आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कलाना में संदिग्ध परिस्थितियों में 26 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के परिवारीजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार जहानाबाद थाना क्षेत्र के कलाना गांव निवासी विकास सैनी की पत्नी शिवानी देवी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के भाई इन्द्रजीत ने बताया कि उसने अपनी बहन की शादी 27 नवंबर 2023 में की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर बहन को प्रताड़ित करते थे और मांग पूरी न होते देख उसकी बहन को जबरन जहर पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतका का मायका हमीरपुर जनपद के थाना बिवांर गांव टिहिर है।
