घटनास्थल पर रोते-बिखलते परिजन।
– फारेंसिक टीम ने की जांच-पड़ताल, एएसपी ने किया निरीक्षण
– गठित की टीमें, हत्यारे जल्द होंगे सलाखों के पीछे
CITY NEWS FATEHPUR
अमौली, फतेहपुर(CNF)। चांदपुर थाना क्षेत्र के सरहन बुजुर्ग गांव के पास रविवार की सुबह एक युवक का हत्यायुक्त शव झाड़ियों में पड़ा मिला। साथ ही खेत में बाइक व दूसरी तरफ चप्पल बरामद हुई। सड़क किनारे झाड़ियों में पड़े शव को देखकर सुबह टहलने निकले राहगीरों ने शोर मचाया और पुलिस को तुरंत सूचना दी। हत्या की सूचना पाते ही आसपास व गांव के लोग इकट््ठा होने लगे। शव की पहचान ललित पटेल 40 वर्ष पुत्र अशोक वर्मा निवासी सरहन बुजुर्ग के रूप में हुई। घर वालों ने बताया कि ललित पटेल शाम को ही अपनी खाद की दुकान बंद करके घर आया था। फिर घर वालों से झलियन गांव में आयोजित भंडारे में कहकर घर से निकला था। भंडारे में खाने के बाद लौटते समय घटना को अंजाम दिया गया है। जब रात में वह घर नहीं लौटे तो घर वालों ने मोबाइल पर सम्पर्क किया लेकिन मोबाइल भी बंद था। मोबाइल न मिलने पर परिजनों ने रातभर खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह जब राहगीरों ने सड़क किनारे झाड़ियों में शव की मिलने की सूचना पर परिजन पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। पत्नी ऊषा व परिवारजनों ने सिर पर गहरी चोट और गले मे निशान और शरीर पर चोट देखकर हत्या की आशंका जताई है। मृतक की दो बेटियां आरवी 2 वर्ष और पल्लवी 4 वर्ष हैं। मृतक के पिता अशोक आर्मी के रिटायर्ड फौजी है जो इस समय सोनभद्र में है। पत्नी ऊषा और परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरे गांव और आसपास के लोग इस मर्डर से सदमे में हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके पहुंचकर जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हत्या की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह व सीओ दुर्गेश दीप मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद वार्ता करते हुए बताया कि टीम गठित कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जल्दी ही हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे।
