CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए दो अलग-अलग मामलों में ठगी के शिकार पीड़ितों को कुल 444000 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में वापस कराई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह व क्षेत्राधिकारी अपराध के पर्यवेक्षण में की गई। मामलों की जांच एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर करते हुए साइबर क्राइम थाना टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाए। थाना बकेवर क्षेत्र के निवासी संजय सिंह के खाते से अज्ञात कॉलर द्वारा बिना जानकारी के 434000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए गए थे। पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल एवं साइबर हेल्पडेस्क थाना बकेवर टीम ने न्यायालय के आदेशानुसार संबंधित लाभार्थी खाताधारक की तस्दीक एवं बैंक से समन्वय स्थापित कर पूरी धनराशि सुरक्षित वापस कराई। दूसरे मामले में थाना बिंदकी क्षेत्र के निवासी विकास राज सोनकर को कॉल कर ठग ने स्वयं को रिश्तेदार बताकर 10000 रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत मिलते ही साइबर सेल एवं साइबर हेल्पडेस्क थाना बिंदकी टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बैंक से पत्राचार व खातों की जांच कर पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस कराई। दोनों पीड़ितों ने धनराशि वापस मिलने पर पुलिस टीम एवं जनपदीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now