CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो में डॉक्टरों के नियमित रूप से अनुपस्थित रहने की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को हालात तब और गंभीर दिखे जब क्षय रोग (टीबी) कक्ष में डॉक्टर की कुर्सी घंटों खाली पड़ी रही। दूर-दराज गांवों से आए मरीज इलाज की उम्मीद में सुबह से कतार में बैठे रहे, लेकिन दोपहर तक भी उन्हें समुचित उपचार नहीं मिल सका।
धाता ब्लाक के कटरिया की संगीता देवी और खागा नगर के गंगादीन का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। अक्सर डॉक्टर समय से अस्पताल नहीं पहुंचते, जिससे बलगम जांच दवा सेवाएं प्रभावित होती हैं। टीबी जैसे गंभीर रोग से पीड़ित मरीजों को नियमित जांच और दवा की आवश्यकता होती है, लेकिन संबंधित कक्ष में चिकित्सक के न मिलने से उन्हें निराश लौटना पड़ता है। कुछ मरीजों ने बताया कि कई बार दवा वितरण में भी देरी हो जाती है। उच्चाधिकारियों से मांग की है कि अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। डाक्टर मो खुर्शीद ने बताया कि कभी कभार डाक्टर विभागीय कार्य के लिए चले जाते हैं।
