CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। राधानगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी कालोनी में शनिवार की रात संदिग्ध अवस्था में 28 वर्षीय महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। वहीं मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूछताछ हेतु पति को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार विष्णुपुरी कालोनी निवासी जीतू उर्फ जितेन्द्र की पत्नी गीता सविता ने शनिवार की रात संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पिता विशंभर निवासी औंग ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में चार लाख रूपए व मोटरसाइकिल की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करते थे। इससे पहले ढाई साल वह मायके में रही। बाद में समझौता होने पर गीता को घर ले गए। उसके बाद दोबारा दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने मारने-पीटने के बाद फांसी पर लटका दिया। मृतका के ससुर राजेन्द्र ने बताया कि उसकी बहू गांव में ही किसी से फोन पर बात करती थी। इसकी जानकारी जब पति को हुई तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जिससे उसने घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now