– समाजसेवी ने परिवहन मंत्री को लिखा पत्र
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मुरादीपुर कस्बे से बिन्दकी तक रोडवेज बसों का संचालन न होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते लोग अधिक किराया चुकाने के बाद भी जान जोखिम में डालते हैं। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
मुरादीपुर बिन्दकी मार्ग पर परिवहन विभाग की रोडवेज बसों का संचालन होता था लेकिन रेलवे क्रासिंग पर पुल का निर्माण होने की वजह बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। इस गंभीर समस्या को देखते समाजसेवी व भाजपा नेता अजीत कुमार सैनी ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को पत्र लिखकर मुरादीपुर से बिन्दकी रोड पर परिवहन विभाग की रोडवेज बसों का पुनः संचालन करवाए जाने की मांग किया है। इस मार्ग पर पड़ने वाले गांवों के बहुत से छात्र-छात्राएं रोजाना बिन्दकी शहर अपने-अपने कॉलेजों में पढ़ने के लिए जाते आते हैं। ऐसे में इन कस्बों के लिए रोडवेज बसें न चलने से डग्गामार वाहन ही यात्रियों के आवागमन का सहारा बनते हैं। इससे सबसे ज्यादा परेशानी तो महिलाओं व बुजुर्गों को होती है। वहीं चालक भी जब तक उनका डग्गामार वाहन सवारियों से खचाखच न भर जाए, वे अपना वाहन लेकर नहीं जाते। शिकायतकर्ता अजीत कुमार सैनी ने बताया कि इस रूट पर रोडवेज बसों का चलाना अति आवश्यक है, बसों के संचालन से क्षेत्रीय लोगों और स्कूल, कालेज जाने वाले विद्यार्थियों को आसानी हो जाएगी।
