CITY NEWS FATEHPUR
विजयीपुर, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ा खास गांव में कार में लगे हूटर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने लूट, मारपीट सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गढ़ा खास गांव निवासी चंदन यादव के यहां कार से कुछ रिश्तेदार आए थे। उनकी कार में हूटर लगा हुआ था। गांव में प्रवेश के दौरान हूटर बजाए जाने पर कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और इसकी शिकायत पुलिस से करने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान संबंधित कार को रोककर दस्तावेजों एवं हूटर की जांच की। जांच के उपरांत नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने कार को सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि कार सीज होने के बाद चंदन यादव पक्ष के रिश्तेदार, जो हुसैनगंज थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, दूसरी कार से खागा होते हुए दोबारा गढ़ा खास गांव पहुंचे। इसी दौरान गांव में गाड़ी सीज कराए जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और हाथापाई हुई, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और काफी देर तक तनाव बना रहा। घटना के संबंध में गांव के ही स्थानीय नेता एवं आशीष तिवारी, जिनकी सरिया-सीमेंट की दुकान है, ने किशनपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपित उनकी दुकान पर पहुंचे, गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। दुकान में लूट और छिनैती की घटना को भी अंजाम दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई गई है। क्षेत्राधिकारी खागा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। स्थानीय लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की पुष्टि हुई है, जबकि अब तक लूट के आरोपों की पुष्टि करने वाले ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
