महिलाओं को पंपलेट देकर जागरूक करती पुलिस टीम।
– जिले भर में चला जागरूकता अभियान, महिलाओं को बताए अधिकार व सुरक्षा के उपाय
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद में मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और गांवों में पहुंचकर महिलाओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं और आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने ग्राम चैपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और महिला सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को सुनते हुए उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण का भरोसा दिलाया। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा पोर्टल की जानकारी देते हुए इन सेवाओं के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए समाज की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now