थरियांव गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– डीएम ने रामपुर थरियांव गौ-आश्रय स्थल का किया निरीक्षण
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शनिवार को सदर तहसील के रामपुर थरियांव स्थित अस्थाई गौ-आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोशाला में रखे गए गोवंश के स्वास्थ्य, चारे की उपलब्धता और अभिलेखों की गहन जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौ-आश्रय स्थल की सभी पंजिकाओं का परीक्षण किया और हरे चारे, भूसे तथा दाने के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि गोशाला परिसर एवं आसपास उपलब्ध भूमि पर नेपियर घास, ज्वार और बरसीम की बुवाई कराई जाए, ताकि गोवंश के लिए वर्षभर हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था बनी रहे। डीएम ने गोशाला को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए वर्मी कंपोस्ट इकाई स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोबर से जैविक खाद तैयार कर उसकी बिक्री से गोशाला की आय बढ़ाई जाए और जैविक खेती को भी प्रोत्साहन मिले। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को आश्रय स्थल पर लगे सीसीटीवी एवं डीवीआर कैमरों को हर समय सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बेसहारा गोवंश की सुरक्षा शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी, ग्राम सचिव, लेखपाल, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now