– लेखपाल की फर्जी रिपोर्ट व दबंगों के आगे पस्त हुआ प्रशासन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले के भिटौरा क्षेत्र अंतर्गत बेरा गढ़ीवा निवासी संत रामप्रताप पिछले डेढ़ साल से अपनी ही जमीन को दबंगों से मुक्त कराने के लिए शासन व प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। योगी सरकार द्वारा जीरो टॉलरेंस और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के बड़े-बड़े दावों के बावजूद पीड़ित साधु को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। मामला तब बिगड़ा जब पीड़ित ने 30 जनवरी 2025 को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपनी भूमि खाली कराने की गुहार लगाई थी, लेकिन आरोप है कि स्थानीय लेखपाल चंद्रपाल ने निष्पक्ष जांच करने के बजाय आरोपी दबंग अर्जुन सिंह पुत्र रामराज सिंह से साठगांठ कर ली और फर्जी रिपोर्ट लगाकर मामले को रफा-दफा कर दिया।
लेखपाल की इस शह से बेखौफ हुए दबंगों ने पीड़ित साधु की गाटा संख्या 1547 क (क्षेत्रफल 0.7290), 1547 ख (क्षेत्रफल 0.1760) और शादीपुर बेरा स्थित गाटा संख्या 457 पर जबरन गुंडई के बल पर कब्जा कर धान की फसल बो दी। इतना ही नहीं, दबंगों ने बाबा रामप्रताप की जमीन में खड़ी गेहूं की फसल को भी जोतकर पूरी तरह नष्ट कर दिया और आम आवागमन के लिए इस्तेमाल होने वाले चकरोड संख्या 1805 को बंद कर दिया, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो चुका है। प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने 3 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत (संख्या 40017225003017) दर्ज कराई। 3 अगस्त को पुनः जिलाधिकारी से मिलकर शिकायती पत्र सौंपा। इसके बावजूद धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिससे आरोपी अर्जुन सिंह के हौसले और बुलंद हो गए। जब बाबा रामप्रताप ने अपनी जमीन खाली करने की बात कही, तो आरोपी ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि तुम साधु हो चुपचाप राम-राम जपो, वरना जान से हाथ धो बैठोगे और तुम्हारी लाश इसी खेत में गाड़ दी जाएगी। पीड़ित संत रामप्रताप ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now