बावनी इमली में शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित करते विधायक व अन्य।
– हर घर तिरंगा में बावन शहीदों को नमन, गूंज उठा ऐतिहासिक स्थल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले बावन इमली के बावन शहीदों की वीरगाथा बुधवार को फिर जीवंत हो उठी। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत बिंदकी तहसील स्थित ऐतिहासिक बावन इमली में स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास पर चर्चा के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने बावन शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया और दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, नगर पालिका परिषद बिंदकी की अध्यक्ष राधा साहू, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र गौतम, पार्टी संयोजक एवं प्रमुख कार्यकर्ता रमाकांत तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया और उनके त्याग, संघर्ष व राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया। वक्ताओं ने बावन इमली में शहीद हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और उनके संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी वीर शहीदों के बलिदान की अमूल्य देन है। उनके संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की गाथा आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं राष्ट्रभावना से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक और राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम और उत्साह का संचार कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं शहीदों के आदर्शों को नमन करते हुए उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बिंदकी निशांत तिवारी, खंड विकास अधिकारी खजुहा कोमल सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बिंदकी चंद्रभूषण पांडेय, तहसीलदार अचलेश सिंह, नायब तहसीलदार रचना यादव, खंड शिक्षा अधिकारी पवन द्विवेदी समेत विकास खंड के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now