अपराध समीक्षा गोष्ठी में भाग लेते एसपी व अन्य।
– चोरी-छिनैती और लूट रोकने को एसपी ने कसी कमर
– एक सप्ताह में बनेंगी अस्थायी पुलिस चौकियां
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अपना पहरा और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अपराध समीक्षा गोष्ठी में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 28 नट डेरा/कंजर डेरा हॉटस्पॉट चिन्हित कर वहां एक सप्ताह के भीतर अस्थायी पुलिस चौकी अथवा चेक पोस्ट स्थापित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इन स्थानों पर दिन-रात नियमित पुलिस गश्त के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी ने चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि चिन्हित हॉटस्पॉट पर पुलिस की सक्रियता ऐसी होनी चाहिए कि अपराध की फिराक में रहने वाले लोगों को लगातार पुलिस की मौजूदगी का एहसास होता रहे।
उन्होंने निर्देशित किया कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में केवल चोरी और लूट की घटनाओं पर ही नजर न रखी जाए, बल्कि अवैध शराब व गांजे की बिक्री एवं तस्करी, जुआ तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
एसपी ने थाना प्रभारियों को प्रत्येक हॉटस्पॉट पर नियमित गश्त के साथ स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चिन्हित सभी 28 हॉटस्पॉट पर एक सप्ताह के अंदर अस्थायी पुलिस चौकी/चेक पोस्ट स्थापित कर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपराध समीक्षा गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
