• चक्की गांव के प्रधान ने मलवां थाने में दी तहरीर, सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। अल्लीपुर स्थित अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठा. दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज के यूबी गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों पर चक्की गांव के प्रधान से मारपीट करने और सोने की अंगूठी छीनने का आरोप लगा है। मामले में प्रधान ने मलवां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

चक्की गांव निवासी प्रधान विनोद कुमार साहू पुत्र स्व. प्यारे लाल साहू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को वह निजी कार्य से फतेहपुर जा रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए उन्होंने अपनी बाइक मेडिकल कॉलेज के यूबी गेट से कुछ दूरी पर बाउंड्री के बाहर खड़ी कर दी। आरोप है कि गेट पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने बाइक हटाने को कहा। प्रधान ने बारिश रुकने के बाद बाइक हटाने की बात कही। उनका कहना है कि गेट के आसपास अन्य वाहन भी खड़े थे।

आरोप है कि इसी बात को लेकर तीन-चार गार्ड मौके पर पहुंच गए और उनका कॉलर पकड़कर घसीटते हुए गेट के अंदर ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह जमीन पर गिर गए और चोटें आईं। प्रधान का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी भी छीन ली गई। अंगूठी निकालते समय उनकी उंगली में चोट लगने से खून निकल आया। घटना में उनका चश्मा भी टूट गया।

प्रधान ने बताया कि उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। तहरीर में गार्ड शिव शंकर सिंह, देवेंद्र सिंह समेत दो-तीन अज्ञात गार्डों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने पुलिस से मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now