ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर रोशनी से सजी गली का दृश्य।

– मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में आकर्षक सजावट ने बढ़ाई पर्व की रौनक
– देर रात तक इबादत, दुआ और लंगर का चलता रहा सिलसिला
– बारिश के बावजूद तैयारियों में जुटे रहे युवा

CITY NEWS FATEHPUR 

फतेहपुर(CNF)। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर मंगलवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। मुस्लिम समाज के लोगों ने घरों, गलियों, चौराहों और प्रमुख मार्गों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों व आकर्षक रोशनी से सजाकर पर्व की खुशियां मनाईं। शाम होते ही मुस्लिम बाहुल्य मोहल्ले जगमगाने लगे और चारों ओर पर्व की रौनक दिखाई देने लगी।

पर्व को लेकर कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। लोगों ने घरों की साफ-सफाई के साथ दरवाजों, छतों और आसपास के स्थानों को विद्युत झालरों से सजाया। कई मोहल्लों में डिजिटल लाइटों और रंगीन रोशनी से विशेष सजावट की गई, जो राहगीरों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। छोटी गलियों से लेकर प्रमुख मार्गों तक जगह-जगह की गई सजावट ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया।

हालांकि मंगलवार को सुबह से कई चरणों में हुई बारिश के कारण पर्व की तैयारियों में व्यवधान पड़ा। इसके बावजूद युवाओं और आयोजन से जुड़े लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश थमते ही लोग सजावट को व्यवस्थित करने में जुट गए और देर शाम तक इलाकों को आकर्षक रूप देने में लगे रहे।

रात के समय बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ घरों से बाहर निकले और रोशनी से सजी गलियों का आनंद लिया। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से सजावट की व्यवस्था संभाली।

पर्व के अवसर पर लोगों ने देर रात तक इबादत कर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआएं कीं। विभिन्न स्थानों पर लंगर का आयोजन भी किया गया, जहां राहगीरों और जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया। पर्व के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद देकर खुशियां साझा कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now