घटनास्थल का निरीक्षण करते सीओ व पुलिस टीम।

– संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक घायल समेत दो आरोपियों को दबोचा
– मौके से तमंचा-कारतूस के साथ गोवंश काटने के उपकरण बरामद करने का दावा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। खागा थाना क्षेत्र में गोहत्या की घटनाओं की जांच के दौरान सोमवार देर रात पुलिस की संदिग्ध आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। ससुर खदेरी नदी के समीप बरकतपुर गांव के जंगल में खागा और हथगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमांव निवासी शहजादे पुत्र दरगाही के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं पुलिस ने घेराबंदी कर उसके साथी सीबू उर्फ शहबाज आलम पुत्र शहजादे को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक 24/25 अगस्त की रात संयुक्त टीम ससुर खदेरी नदी के आसपास जंगल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। संदिग्धों की मौजूदगी की सूचना पर टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शहजादे घायल हो गया, जबकि भाग रहे सीबू उर्फ शहबाज आलम को पुलिस ने पकड़ लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से गोहत्या में प्रयुक्त होने वाले छह चाकू, दो कुल्हाड़ी, एक चापड़, दो साल वाला पत्थर, गोवंश बांधने की रस्सी व डोरी तथा एक सीकड़ बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा मौके से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी खागा थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 345/26 में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 के तहत प्रकाश में आए थे। पूछताछ में आरोपियों से खागा क्षेत्र में हाल में हुई गोहत्या की घटना और उसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अब तक की जांच में दोनों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों के साथ अन्य जनपदों में 13 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस इनके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। खागा क्षेत्र में हुई गोहत्या की घटनाओं में इनके साथ कौन-कौन लोग शामिल रहे हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now