एसपी को शिकायती पत्र देने जाते पीड़ित।
– विक्रेता भाइयों ने खरीदार पर नकद रकम न देने और चेक बाउंस होने का लगाया आरोप
– एसपी से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने और सुरक्षा की लगाई गुहार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के चौक स्टेशन रोड स्थित 33 वर्ग मीटर जमीन के बैनामे के बाद 40 लाख रुपये के भुगतान को लेकर विवाद सामने आया है। जमीन बेचने वाले दो भाइयों ने खरीदार पर तय रकम का भुगतान न करने, चेक में गड़बड़ी करने और रुपये मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला जोशियाना निवासी शैलेन्द्र कुमार विश्वकर्मा व पियूष कुमार ने बताया कि उन्होंने चौक स्टेशन रोड स्थित अपनी हिस्सेदारी की 33 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा 9 फरवरी 2024 को पीरनपुर निवासी सुहैल अहमद के पक्ष में किया था। भूमि का सौदा 40 लाख रुपये में तय हुआ था। शिकायत के अनुसार, तय शर्तों के तहत 25 लाख रुपये नकद तथा 15 लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए जाने थे।
आरोप है कि बैनामा होने के बाद 25 लाख रुपये की नकद धनराशि उन्हें नहीं दी गई। वहीं, 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए खरीदार ने पांच-पांच लाख रुपये के तीन चेक दिए। पीड़ितों के अनुसार, चेक बैंक में जमा करने पर एक चेक 13 मार्च 2024 को खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण बाउंस हो गया। वहीं, अन्य दो चेक तारीख में त्रुटि होने के कारण बैंक ने स्वीकार नहीं किए।
पीड़ित भाइयों का कहना है कि उन्होंने खरीदार को चेक संबंधी खामियों और भुगतान की स्थिति से अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी पूरी रकम का भुगतान नहीं होने पर उन्होंने मामले में धोखाधड़ी की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि जमीन का बैनामा कराने के बाद भुगतान से बचने के लिए जानबूझकर इस तरह की स्थिति पैदा की गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब दोनों भाई अपनी रकम मांगने खरीदार के पास जाते हैं तो वह अपने भाई अब्दुल समद, अफजाल, नौकर अकील और दो अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उन्हें धमकाता है। पीड़ितों ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ितों ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर खरीदार सुहैल अहमद समेत नामजद आरोपियों और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
