बोरी में मोटरपुलिस टीम की गिरफ्त में टुल्लू मोटर चोरी का आरोपी मजदूर।

छिपाकर पीछे के रास्ते से निकला, पुलिस ने बरामद कर आरोपी को पकड़ा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। राधानगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में निर्माणाधीन मकान से टुल्लू मोटर चोरी होने के मामले में पुलिस ने आरोपी मजदूर को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गई मोटर भी बरामद की है। आरोपी निर्माणाधीन मकान में पिछले कई दिनों से मजदूरी कर रहा था और बारिश के चलते काम बंद होने का फायदा उठाकर मोटर बोरी में रखकर वहां से निकल गया था।

गाजीपुर थाना क्षेत्र के फरिदावाद टिकरी निवासी मनोज कुमार पुत्र रामचरन ने तीन सितंबर को राधानगर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि नई बस्ती राधानगर में उनका मकान निर्माणाधीन है। यहां डुण्डरा पहाड़पुर, थाना गाजीपुर निवासी अमित कुमार पासवान पुत्र स्व. रामऔतार पिछले चार-पांच दिनों से मजदूरी कर रहा था।

मनोज कुमार के अनुसार, दो सितंबर को बारिश के कारण निर्माण कार्य बंद था। दोपहर करीब 12 बजे जब वह मकान पर पहुंचे तो पानी लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाली टुल्लू मोटर गायब थी। काफी तलाश के बावजूद मोटर नहीं मिली। आसपास के लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि निर्माण कार्य में मजदूरी करने वाला अमित कुमार पासवान मोटर को बोरी में रखकर मकान के पीछे की ओर से लेकर चला गया है।

शिकायत के आधार पर राधानगर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 197/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने वांछित आरोपी अमित कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई टुल्लू मोटर भी बरामद कर ली गई।

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now