जन्माष्टमी के पर्व पर सजाई गई झांकी।

– घरों से मंदिरों तक सजीं आकर्षक झांकियां, बाल गोपाल को पालने में झुलाया
– बाजारों में कान्हा की पोशाक, मुकुट, बांसुरी और पूजन सामग्री की जमकर हुई बिक्री
– पुलिस लाइन से लेकर थानों-चौकियों तक धार्मिक आयोजनों की रही धूम

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को पूरा जिला कान्हा की भक्ति में रंगा नजर आया। शहर के मंदिरों से लेकर गांवों के धार्मिक स्थलों और घरों तक भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम रही। दिनभर श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की तो रात में भगवान के जन्म के समय मंदिरों और घरों में घंटे-घड़ियाल व शंख की ध्वनि के बीच जय कन्हैया लाल के जयकारे गूंज उठे।

पर्व को लेकर सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने कान्हा के लिए आकर्षक पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, झूले, फूल-मालाएं, पूजन सामग्री, फल और मिठाइयां खरीदीं। बाजारों में देर शाम तक खरीदारों की भीड़ बनी रही। बच्चों में श्रीकृष्ण की झांकी सजाने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

घरों में महिलाओं ने साफ-सफाई के बाद पूजा की तैयारियां कीं। बाल गोपाल के लिए पालना सजाया गया और उन्हें नए वस्त्र, मुकुट, बांसुरी व मोरपंख से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने माखन-मिश्री, पंचामृत, फल और मिठाइयों का प्रसाद तैयार किया।

रात्रि में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय हुआ, श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बाल गोपाल को पंचामृत से स्नान कराकर नए वस्त्र पहनाए गए और पालने में झुलाया गया। इसके बाद आरती कर प्रसाद का वितरण किया गया। कई स्थानों पर देर रात तक भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहे।

पुलिस लाइन में हवन-पूजन के बाद हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

पुलिस विभाग की ओर से भी जन्माष्टमी पर जिले के सभी थानों, चौकियों और रिजर्व पुलिस लाइन में धार्मिक आयोजन कराए गए। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय और क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा की मौजूदगी में विधि-विधान से हवन-पूजन कराया गया। पुलिस कर्मियों के परिवारों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। बच्चों और महिलाओं की मौजूदगी से आयोजन में उत्साह और बढ़ गया।

हवन-पूजन के बाद श्रीकृष्ण की लीलाओं और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों को आकर्षित किया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस कर्मियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

थानों और चौकियों में भी सजीं कान्हा की झांकियां

जिले के विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों के साथ जिला कारागार में भी जन्माष्टमी पर्व पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस कर्मियों, जेल प्रशासन और बंदियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और आकर्षक झांकियां सजाईं। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। धार्मिक आयोजन के साथ पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी भी संभाली।

बच्चों की झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान

जन्माष्टमी पर घरों और मंदिरों में सजाई गई झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महिलाओं ने पूजा के लिए विशेष पकवान तैयार किए। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने मध्यरात्रि में पूजा के बाद माखन-मिश्री, पंचामृत और अन्य प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now