CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के लोहारन गढ़वा मजरे गम्हरी गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब में एक युवक का शव उतराता मिला। शव की पहचान गांव निवासी 25 वर्षीय सुकरू के रूप में हुई। युवक शुक्रवार शाम घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
परिजनों के अनुसार सुकरू शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से बाहर गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह तालाब में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सुकरू के रूप में की। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मृतक के भाई राकेश ने दी है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
