– दीवार में सेंध लगाकर चार लाख के जेवर व 20 हजार की नकदी ले गए चोर
– पिछली घटनाओं का खुलासा न होने से पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
CITY NEWS FATEHPUR
धाता, फतेहपुर(CNF)। किशनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। परसिद्धपुर गांव में एक बार फिर चोरों ने एक ही परिवार के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। खास बात यह है कि करीब चार साल के भीतर इसी घर में चोरी की यह चौथी घटना है। लगातार हो रही वारदातों के बावजूद पिछली घटनाओं का खुलासा न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परसिद्धपुर निवासी राजीव कुमार मिश्र उर्फ राजू आसमानी पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार मिश्र का परिवार बिजली न होने के कारण कमरे के बाहर टीन शेड के नीचे सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने कमरे के पीछे की दीवार में सेंध काटकर अंदर प्रवेश किया और पत्नी के सूटकेस को लेकर फरार हो गए। सुबह परिवार के लोग जागे तो कमरे की पिछली दीवार में सेंध देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़ित के मुताबिक सूटकेस में करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये की नकदी रखी थी। चोरी की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। तलाश के दौरान घर से करीब दो सौ मीटर दूर खेत में चोरी की गई अटैची और कुछ कपड़े पड़े मिले, जबकि उसमें रखे जेवर और नकदी गायब थे।
परिवार में राजीव कुमार मिश्र के अलावा उनकी पत्नी, दो बेटे और छोटे भाई संजीव कुमार मिश्र उर्फ पुत्तू रहते हैं। घटना की लिखित सूचना धाता थाना की किशनपुर पुलिस चौकी में दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया है।
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस घर में तीन बार चोरी हो चुकी है। प्रत्येक घटना के बाद पुलिस की ओर से जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में लगातार एक ही इलाके में चोरी की वारदातें होना और पुराने मामलों का लंबित रहना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और पूर्व की घटनाओं का जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है।
