-गरीब बेटियों की शादी और जरूरतमंदों की मदद को बनाया था जिंदगी का मकसद
मेराज उद्दीन महताब
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। समाजसेवा और जरूरतमंदों की मदद को जीवन का उद्देश्य मानने वाले मरहूम हाजी मोहम्मद शमीम वारसी का बुधवार को इंतकाल हो गया। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ उन लोगों में भी शोक की लहर है, जिनकी जिंदगी में उन्होंने किसी न किसी रूप में मदद का हाथ बढ़ाया था।
हाजी मोहम्मद शमीम वारसी का जीवन इंसानियत और समाजसेवा के लिए समर्पित रहा। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करना, जरूरतमंदों की आर्थिक मदद करना और परेशान लोगों के काम आना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल था। उन्होंने बिना किसी दिखावे के लंबे समय तक जरूरतमंदों की सहायता की।
उनके निधन के बाद उन्हें जानने वाले लोग उनकी समाजसेवा को याद कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि हाजी मोहम्मद शमीम वारसी भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके नेक कार्य और जरूरतमंदों के लिए किए गए सहयोग की यादें हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी।
समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के लिए उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बना रहेगा। उनका जाना समाज के लिए एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। अल्लाह मरहूम को मगफिरत फरमाए और उनके परिवार को यह गम सहने की ताकत दे। आमीन।
