पूर्व सैनिकों की मासिक बैठक में साइबर सुरक्षा की जानकारी देते अधिकारी।

– पूर्व सैनिकों की बैठक में साइबर क्राइम टीम ने साझा किए बचाव के जरूरी उपाय

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए पूर्व सैनिकों को ऑनलाइन ठगी के तौर-तरीकों और उनसे बचाव के प्रति जागरूक किया गया। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक में साइबर क्राइम टीम ने मोबाइल पर आने वाली संदिग्ध कॉल, फर्जी नंबर और APK फाइलों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की।

ईएस कोचिंग सेंटर में कैप्टन भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में साइबर क्राइम इंस्पेक्टर विद्या देवी यादव, सब इंस्पेक्टर प्रभांशु शुक्ला और हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि होटल, टैक्सी या किसी एजेंसी से संपर्क करने के लिए गूगल अथवा यूट्यूब पर मिले मोबाइल नंबरों पर आंख बंद करके भरोसा न करें। ठग इन प्लेटफॉर्म पर फर्जी नंबर डालकर लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं।

साइबर टीम ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए होने वाली ठगी से भी सावधान किया। बताया कि साइबर अपराधी कई बार ग्रुप में APK फाइल भेजते हैं, जो सामान्य फाइल की तरह दिखाई दे सकती है। इसे डाउनलोड करने पर मोबाइल में मौजूद महत्वपूर्ण डाटा चोरी होने का खतरा रहता है। इससे बचाव के लिए एम-कवच 2.0 एप का उपयोग करने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने अनजान नंबर से आने वाली कॉल को लेकर भी सतर्क रहने को कहा। बताया कि साइबर ठग बातचीत के दौरान व्यक्ति को लंबे समय तक उलझाए रखते हैं और इसी बीच कॉन्फ्रेंस कॉल आदि के जरिए ओटीपी हासिल करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में किसी अनजान नंबर से संदिग्ध कॉल आने पर उसे तत्काल काट देना ही सुरक्षित है।

साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में पीड़ित को समय गंवाए बिना 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई, ताकि ठगी गई रकम को रोकने की कार्रवाई समय रहते की जा सके।

समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने साइबर क्राइम टीम का आभार जताते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की प्रत्येक मासिक बैठक में जनपद के किसी न किसी अधिकारी को आमंत्रित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पूर्व सैनिकों को प्रशासनिक, सामाजिक और सुरक्षा से जुड़ी नई जानकारियों से लगातार अवगत कराना है।

बैठक में बालकृष्ण अवस्थी, जागृति तिवारी, सुनीता यादव, सुमन मौर्य, राजेश शुक्ला, प्रेम सागर शुक्ला, उदयभान सिंह, चिंतामणि द्विवेदी, अशोक कुमार यादव, प्यारेलाल, एसपी मिश्रा समेत करीब एक सैकड़ा पूर्व सैनिक एवं समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now