सदस्यों को सम्मानित करते अतिथि।

सम्मान समारोह में सेवाभावी सदस्यों का बढ़ाया उत्साह, दिवंगत साथियों को किया याद

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सेवा और सहयोग को समाज की मजबूती का आधार मानने वाले मानवता परिवार ने रविवार को अपना स्थापना दिवस भावपूर्ण माहौल में मनाया। प्रेक्षागृह सभागार में आयोजित सम्मान समारोह एवं श्रद्धांजलि सभा में संस्था से जुड़े दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय संयोजक हिमांशु कुमार ने संस्था की स्थापना के उद्देश्य और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मानवता परिवार जरूरतमंद परिवारों, दुर्घटना पीड़ितों और मृतक आश्रितों की सहायता के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

प्रदेश संरक्षक शिवानी सिंह ने संस्था की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि मानवता परिवार से अब तक 5,550 सदस्य जुड़ चुके हैं और संगठन 16 प्रदेशों के 124 जिलों में सक्रिय है। संस्था की ओर से अब तक पांच मृतक परिवारों को 17 लाख 56 हजार 910 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। दुर्घटना में घायल लोगों के उपचार में भी संस्था ने सहयोग किया है।

मुख्य अतिथि एकीकरण विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के सचिव डॉ. हीरालाल ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना ही वास्तविक मानवता है। विशिष्ट अतिथि उपायुक्त उद्योग शिवानी सिंह, डिप्टी एसपी दुर्गेश दीप, आईएफएस राजस्थान संग्राम सिंह, समाजसेवी मनोज कुमार एवं समाजसेवी अशोक तपस्वी ने भी संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की।

समारोह में जिले के अलग-अलग ब्लॉकों से पहुंचे संस्था के सदस्यों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अतिथियों ने स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान दिवंगत सदस्यों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में कवि एवं शिक्षक शिवशरण बंधु हाथगामी तथा शिक्षिका प्रियंका वर्मा ने काव्य प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल भावुक हो उठा। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश वीर आर्य ने किया।

इस अवसर पर विनोद कुमार चक्रवर्ती, संजय कुमार सिंह, मनोज कुमार, अरुण सिंह, फहीम अहमद, अवनीश कुशवाहा, चंदन सिंह, प्रकाश पुंज वर्मा, दिनकर मौर्य, भानू, ऐश्वर्या प्रताप आनंद, अनुराग कुमार, ज्ञान सिंह, शशि कुमार, पंकज कुमार सिंह, अजय भदौरिया, अभिषेक कुमार एवं राजेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now