बैठक में नवमनोनीत पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत करते अतिथि।
– छह पदों के सापेक्ष दो चिकित्सकों के भरोसे स्वास्थ्य सेवाएं, प्रसूति कक्ष भी स्टाफ विहीन
– लंपी से बचाव को गांव-गांव टीकाकरण और श्मशान घाट में सुविधाएं बढ़ाने की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
असोथर/फतेहपुर(CNF)। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की ब्लॉक इकाई की मासिक बैठक में किसानों से जुड़ी स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा और मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं प्रमुखता से उठीं। असोथर नगर पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और कर्मचारियों की कमी को लेकर किसान नेताओं ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था जल्द सुधारने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समाधान न हुआ तो संगठन बड़ी पंचायत कर आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।
ब्लॉक मुख्यालय सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह चौहान ने की। किसानों ने बताया कि असोथर पीएचसी में छह चिकित्सकों के पद स्वीकृत होने के बावजूद वर्तमान में महज दो डॉक्टरों के सहारे स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं। प्रसूति कक्ष में भी पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध नहीं है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक के दौरान प्रभारी चिकित्सक डॉ. शैलेश भी पहुंचे। उन्होंने किसानों को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार कराने का भरोसा दिया। इसके बाद ब्लॉक महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह चौहान ने सीएमओ से फोन पर वार्ता कर पीएचसी की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि एक माह के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हुईं तो किसान यूनियन बड़ी पंचायत आयोजित कर आंदोलन करेगी।
श्मशान घाट में मूलभूत सुविधाओं का अभाव
बैठक में घाटमपुर ग्राम सभा स्थित श्मशान घाट की बदहाली का मुद्दा भी उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि श्मशान घाट में न तो शौचालय की व्यवस्था है और न ही पेयजल की सुविधा। परिसर में चारों तरफ घास-फूस उगी होने के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। किसान नेताओं ने बीडीओ रत्नाकर त्रिपाठी को समस्या से अवगत कराते हुए जल्द सफाई और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
लंपी बीमारी को लेकर गांव-गांव टीकाकरण की मांग
पशुओं में फैल रही लंपी बीमारी को लेकर भी किसान नेताओं ने चिंता जताई। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप गुप्ता से प्रत्येक ग्रामसभा में शिविर लगाकर पशुओं की जांच और टीकाकरण कराने की मांग की, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
संगठन का हुआ विस्तार
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए कई पदाधिकारियों की घोषणा की गई। पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष को संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित किया गया। उनके स्थान पर गुड्डू अग्निहोत्री को ब्लॉक उपाध्यक्ष बनाया गया। पुरुषोत्तम सिंह को विधिक सलाहकार, महामाया सिंह को सचिव, अंशुमान सिंह को महासचिव और अनुज दुबे को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। सरकंडी और जमलामऊ समेत कई ग्रामसभाओं की कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में मो. रहीस को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
बैठक में संरक्षक शिवबदन सिंह भदौरिया, युवा ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह चौहान, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी चंद्र आर्य, तहसील सचिव कैलाश चंद्र शुक्ला, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष लल्ला खान समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
