बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते सीडीओ पवन कुमार मीना।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, गांव-गांव होंगी गतिविधियां और समस्याओं का होगा समाधान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के लिए जिले में सेवा संकल्प अभियान शुरू होने जा रहा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को प्रेक्षागृह में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अभियान की रूपरेखा, विभागवार तैयारियों और प्रस्तावित गतिविधियों की समीक्षा की गई।
बैठक में सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान का उद्देश्य केवल औपचारिकता पूरी करना नहीं, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना होना चाहिए। इसके लिए अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने के साथ ऐसे लोगों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जो पात्र होने के बावजूद किसी योजना के लाभ से वंचित हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आमजन को बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को अभियान से जुड़ी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर क्रमवार गतिविधियां आयोजित कर पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन किया जाए। इसके बाद संबंधित विभाग आपसी समन्वय से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान मौके पर आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
सीडीओ ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि अभियान की सफलता तभी मानी जाएगी, जब इसका सीधा लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे। उन्होंने ‘सेवा, संवेदनशीलता और समाधान’ की भावना के साथ कार्य करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
