फोटो परिचय- अस्थाई पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मी।
– सात थाना क्षेत्रों में अस्थाई चौकियां व चेक पोस्ट स्थापित, संदिग्धों की जांच तेज
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। चोरी, छिनैती और लूट जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने जिले के संवेदनशील नट डेरा और कंजर डेरा क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था और कड़ी कर दी है। जिले में चिन्हित 34 हॉटस्पॉट में से सात थाना क्षेत्रों के 11 बेहद संवेदनशील स्थानों पर अस्थाई पुलिस चौकियां एवं चेक पोस्ट स्थापित कर पुलिस की सीधी निगरानी शुरू करा दी गई है। यहां पुलिस की नियमित तैनाती के साथ गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुरू की गई इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य संवेदनशील इलाकों में अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही चोरी, छिनैती और लूट की वारदातों को समय रहते रोकना है। अस्थाई चौकियों और चेक पोस्ट के जरिए पुलिस ने इन क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे हैं।
मलवां थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर डेरा में अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित की गई है। खागा थाना क्षेत्र में करसुआ, लाखीपुर नट का डेरा, पचीसा नट का डेरा और वनपुरवा को निगरानी के दायरे में लिया गया है। इसी तरह गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह और मिर्जापुर में पुलिस चेक पोस्ट स्थापित की गई है।
हथगांव थाना क्षेत्र के चकभुनागापुर/इस्लामनगर नट डेरा में भी अस्थाई पुलिस चौकी बनाई गई है। वहीं असोथर थाना क्षेत्र के गेण्डुरी, ललौली थाना क्षेत्र के जजरहा और राधानगर थाना क्षेत्र के विनोबानगर में भी पुलिस ने अस्थाई चौकियां स्थापित कर दी हैं।
इन सभी 11 हॉटस्पॉट पर पुलिस की नियमित गश्त जारी है। आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को हॉटस्पॉट की निगरानी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का फोकस लगातार गश्त, प्रभावी निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के जरिए अपराधियों पर शिकंजा कसने पर है।
जिले के 34 चिन्हित हॉटस्पॉट में फिलहाल 11 स्थानों पर शुरू की गई यह व्यवस्था संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। जरूरत के अनुसार आने वाले दिनों में अन्य हॉटस्पॉट पर भी इसी तरह की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
